ब्यूरो – सुषमा ठाकुर
नोएडा । इस वर्ष इस्कॉन नोएडा मन्दिर की दसवीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। आज से दस वर्ष पूर्व नित्यानन्द त्रयोदशी के दिन ही इस्कॉन नोएडा मन्दिर में श्री श्री राधा गोविन्द देव, श्री श्री जगन्नाथ बलदेव सुभद्रा एवं श्री श्री गौर निताई का आविर्भाव हुआ था। इस उपलक्ष्य में “रविवार 18 फरवरी 2024 से रविवार 25 फरवरी 2024” तक मन्दिर में ब्रह्मोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस अवधि में विभिन्न समारोहों का आयोजन किया जाएगा, जिनका विवरण निम्न प्रकार से है:-
- रविवार, दिनाँक 18 फरवरी 2024
रविवार, दिनाँक 18 फरवरी 2024 को शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। शोभा यात्रा दोपहर 2 बजे सेक्टर -18 स्थित गुरुद्वारे से प्रारम्भ होगी तथा अट्टा मार्केट, सब मॉल, डी एम चौक, स्टेडियम, चौड़ा चौक तथा अडोब चौक होते हुए सांय 7 बजे इस्कॉन नोएडा मन्दिर पहुंचेगी। पूरे रास्ते में हरिनाम संकीर्तन होगा। बच्चों की झांकियां होंगी। बैण्ड व घोड़े के साथ यात्रा निकाली जाएगी तथा सभी को प्रसाद वितरित किया जाएगा। शोभा यात्रा के समापन पर सांय 7 बजे इस्कॉन नोएडा मन्दिर में सभी को डिनर प्रसाद वितरित किया जाएगा। इस शोभा यात्रा में लगभग 2000 भक्तों के सम्मिलित होने की आशा है। इस शोभा यात्रा का उद्देश्य सभी नोएडा वासियों को ब्रह्मोत्सव मनाने के लिए इस्कॉन नोएडा में आमन्त्रित करना है।
- बुधवार, 21 फरवरी 2024
बुधवार, 21 फरवरी 2024 को सांय 5 बजे से मन्दिर के हॉल में विष्वक्सेन पूजा, राधा गोविन्द देव पालकी यात्रा एवं आदिवास अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा। श्री श्री राधा गोविन्द देव के उत्सव विग्रहों को सुन्दर सुसज्जित पालकी में बिठाकर मन्दिर के चारों ओर भ्रमण कराया जाएगा। पालकी यात्रा सांय 6 बजे मन्दिर के मुख्य प्रवेश द्वार से प्रारम्भ होगी एवं मन्दिर के समीप ही स्थित पेट्रोल पम्प से नोएडा हाट होते हुए, प्रकाश हॉस्पिटल होते हुए पुन: मन्दिर पर आकर सांय 8 बजे इसका समापन होगा। जहाँ पर सभी के लिए डिनर प्रसादम की व्यवस्था रहेगी। इस पालकी यात्रा में लगभग 1000 भक्तों के सम्मिलित होने की आशा है।
- बृहस्पतिवार, 22 फरवरी 2024
बृहस्पतिवार, 22 फरवरी 2024 को नित्यानन्द त्रयोदशी है। आज से पाँच सौ वर्ष पूर्व इसी दिन सभी को भगवान की प्रेमाभक्ति प्रदान करने के लिए भगवान बलराम इस धरा धाम पर भगवान नित्यानन्द के रूप में प्रकट हुए थे। क्योंकि इस्कॉन का उद्देश्य भी जन सामान्य को भगवान की प्रेमाभक्ति प्रदान करना है, इसीलिए नोएडा मन्दिर की स्थापना के लिए भी इसी दिन को ही चुना गया और आज से 10 वर्ष पूर्व, 2014 में नित्यानन्द त्रयोदशी के ही दिन परम पूज्य लोकनाथ स्वामी महाराज द्वारा मन्दिर की स्थापना की गई। इस उपलक्ष्य में प्रात: 9 बजे यज्ञ होगा एवं कलश स्थापना की जाएगी। सांय 5 बजे श्री श्री राधा गोविन्द देव का पञ्च गव्य अभिषेक होगा। परम पूज्य लोकनाथ स्वामी द्वारा प्रवचन, भगवान की महाआरती एवं सांय 9 बजे सभी के लिए डिनर प्रसाद वितरित किया जाएगा। इस उत्सव में लगभग 2000 भक्तों के सम्मिलित होने की आशा है।
- शनिवार, 24 फरवरी 2024
सांय 6 बजे से 8 बजे तक मन्दिर के ऑडीटोरियम में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भगवान की लीलाओं से सम्बन्धित कथाओं का नाट्य मंचन होगा। सांय 8 बजे सभी के लिए डिनर प्रसाद वितरित किया जाएगा। इस उत्सव में लगभग 1200 भक्तों के सम्मिलित होने की आशा है।
- रविवार, 25 फरवरी 2024
प्रात: 8 बजे से प्रात: 9:30 बजे तक इस्कॉन के संस्थापकाचार्य श्रील प्रभुपाद के देश – विदेश से आए हुए वरिष्ठ शिष्यों द्वारा विशेष कथा का आयोजन होगा। तत्पश्चात प्रात: 10 बजे से रात्रि 10 बजे तक कीर्तन मेला आयोजित किया जाएगा। जिसमें देश – विदेश से आए हुए विभिन्न भक्तों द्वारा हरे कृष्ण का अखण्ड सुमधुर कीर्तन किया जाएगा। दोपहर 12:30 बजे श्री श्री राधा गोविन्द देव जी का 10 क्विंटल विशेष पुष्पों से पुष्प अभिषेक किया जाएगा। सांय 7 बजे श्री भगवान की विशेष झूलन यात्रा एवं दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 10000 दीपक प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। पूरे दिन भर इस्कॉन की फूड फॉर लाइफ योजना के अन्तर्गत सभी को प्रसादम वितरित किया जाएगा एवं सांय 9 बजे सभी को डिनर प्रसादम वितरित किया जाएगा। इस उत्सव में पूरे दिन भर में लगभग 5000 भक्तों को प्रसादम वितरित किया जाएगा।